ताजा खबर
'छत्तीसगढ़'संवाददाता
जगदलपुर, 3 मई। दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के जंगल में पुलिस ने नक्सलियों के द्वारा छिपाये गए भारी मात्रा में डंप बरामद किया है।
ज्ञात हो कि बस्तर संभाग में नक्सलियों के द्वारा बड़ी मात्रा में आत्मसमर्पण के पश्चात सभी जिलों में उनके द्वारा छिपा कर रखे गए नक्सली डंप तथा अन्य सामग्री को बरामद करने के लिए लगातार सर्चिंग अभियान जारी है।
दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने एक सफल सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सली कैडरों द्वारा छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में विस्फोटक का भंडार बरामद किया गया है।
दंतेवाड़ा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरके बर्मन ने बताया कि 2 मई को मिले खुफिया जानकारी के आधार पर ग्राम तोड़मा दंतेवाड़ा के घने जंगल क्षेत्र में सीआरपीएफ 195 वाहिनी एवं दंतेवाड़ा पुलिस के द्वारा सर्च ऑपरेशन किया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गये विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है।
बरामद सामग्री में इलेक्ट्रिक डेटोनेटर (75),7.62 मिमी एसएलआर राउंड,5.56 मिमी इंसास राउंड, 7.62X39 मिमी राउंड,12 बोर राउंड,12 बोर खाली केस,.303 ब्लैंक कारतूस, बीजीएल कारतूस खाली केस सहित विभिन्न प्रकार के हथियारों के राउंड, 500 ग्राम विस्फोटक, जिलेटिन, सेफ्टी फ्यूज वायर, संचार उपकरण (डीएमआर एवं वायरलेस सेट), 01 नग भरमार राइफल, बैटरियां, कैमरा फ्लैश, इलेक्ट्रिक वायर, यूरिया पाउडर, ग्रेनेड पिन सहित अन्य दैनिक उपयोग सामग्री शामिल हैं। साथ ही नक्सली साहित्य भी बरामद हुआ।


