ताजा खबर

जेसीबी ने बाइक सवार दंपति को रौंदा, दोनों की मौत, उत्तेजित ग्रामीणों का चक्काजाम
03-May-2026 6:40 PM
जेसीबी ने बाइक सवार दंपति को रौंदा, दोनों की मौत, उत्तेजित ग्रामीणों का चक्काजाम

'छत्तीसगढ़; संवाददाता

सूरजपुर, 3 मई। सूरजपुर जिले के ओडग़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ओडगी-पाल-दनौली मुख्य मार्ग पर रविवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शंकर चौक और फॉरेस्ट कॉलोनी के बीच हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक बजे ग्राम ठरकी निवासी लालचंद चेरवा (24) अपनी पत्नी अंजुलता लता चेरवा (23) को इलाज के लिए सूरजपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार जेसीबी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पति-पत्नी जेसीबी के पहिए के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि जेसीबी चालक नाबालिग था और नियमों की अनदेखी करते हुए वाहन चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।

हालांकि, ओडग़ी थाना प्रभारी निरीक्षक जे.एस. कंवर ने बताया कि जेसीबी चालक के नाबालिग होने की पुष्टि नहीं हो पाई है, क्योंकि घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने जेसीबी को जब्त कर लिया है और मामले में सड़क दुर्घटना का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ओडग़ी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लवकेश गुर्जर ने बताया कि उक्त जेसीबी पाल-दनौली में निर्माणाधीन एकलव्य आवासीय विद्यालय के कार्य में लगी हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कई लोगों ने जेसीबी को नाबालिग द्वारा चलाते हुए देखा है और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है।

ग्रामीणों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश जारी है।


अन्य पोस्ट