ताजा खबर
एनटीपीसी ने ही पकड़ा मामला
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 3 मई । सीबीआई ने के पुसौर ब्लॉक स्थित एनटीपीसी लारा प्लांट में कोयला परिवहन से जुड़े घोटाला की जांच शुरू की है
सीबीआई को तीन साल पहले मिली शिकायत में आरोप है कि 575 ट्रेलर कोयले से लदे वाहन प्लांट तक पहुंचे ही नहीं और रास्ते में ही गायब हो गए। इस मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, कोयला परिवहन में लगे ट्रांसपोर्टरों और एनटीपीसी के कुछ अधिकारियों की कथित मिलीभगत से यह गड़बड़ी सामने आई है। बताया जाता है कि जब यह मामला सामने आया, तब एनटीपीसी प्रबंधन ने इसे गंभीरता से लेते हुए सीबीआई को शिकायत सौंपी थी। इसके बाद जांच एजेंसी ने संबंधित अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। तलाईपाली माइंस से उत्पादन कम होने के दौरान एनटीपीसी लारा प्लांट को अन्य खदानों से कोयले की आपूर्ति की जा रही थी। उस समय रेल के बजाय सड़क मार्ग से परिवहन अधिक हो रहा था। इसी दौरान प्रबंधन को कोयले के स्टॉक में गड़बड़ी का संदेह हुआ। रिकॉर्ड की जांच में पाया गया कि जितने ट्रक-ट्रेलर प्लांट के लिए रवाना हुए, उतने वहां पहुंचे नहीं। 28 अप्रैल 23 से 22 मई 24 के बीच की जांच में दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर यह खुलासा हुआ कि 575 ट्रेलर कोयला लेकर प्लांट तक पहुंचे ही नहीं। वित्तीय प्रबंधन विभाग की जांच में यह गड़बड़ी सामने आई, जिससे पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया।


