ताजा खबर

भैंसामुड़ा में अचानक पहुंचे सीएम, बच्चों संग खेला क्रिकेट
03-May-2026 2:58 PM
भैंसामुड़ा में अचानक पहुंचे सीएम, बच्चों संग खेला क्रिकेट

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जशपुरनगर, 3 मई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने जशपुर जिला प्रवास के दौरान ग्राम भैंसामुड़ा में शासकीय प्राथमिक शाला चंदागढ़ के स्कूल मैदान पहुंचे। मुख्यमंत्री जब विद्यालय परिसर पहुंचे, तब उन्होंने स्कूल के मैदान में बच्चों को क्रिकेट खेलते देखा। बच्चों का उत्साह देखकर वे स्वयं रुक गए और उनके साथ मैदान में उतरकर क्रिकेट खेला।

 इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत करते हुए पूछा कि वे नियमित रूप से खेलते हैं या नहीं और खेलकूद के प्रति उनकी रुचि के बारे में जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों और स्कूली बच्चों से सीधे संवाद किया।
        बच्चों में खेल के प्रति बढ़ते उत्साह को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देशित किया कि स्कूल के बच्चों के लिए आवश्यक क्रिकेट किट और स्पोर्ट्स ड्रेस उपलब्ध कराई जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी बेहतर खेल सुविधाओं से जुड़ सकें और अपने कौशल का विकास कर सकें। इस दौरान उनका सहज और आत्मीय व्यवहार देखने को मिला, जिसने स्थानीय लोगों का मन जीत लिया।
     मुख्यमंत्री श्री साय ने मैदान में मौजूद खिलाड़ी प्रकाश ठाकुर से भी चर्चा की और उनके अनुभव एवं खेल से जुड़े पहलुओं को जाना। बच्चों के साथ संवाद करते हुए उन्होंने उनके स्वास्थ्य, पढ़ाई और खेल गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत के सरपंच श्री रोशन प्रताप सिंह से भी बातचीत कर गांव की स्थिति, विकास कार्यों और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने गांव के समग्र विकास के लिए प्रशासन को आवश्यक पहल करने के संकेत दिए।  मुख्यमंत्री का यह औचक निरीक्षण न केवल प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा रहा, बल्कि बच्चों के साथ बिताए गए उनके सहज क्षणों ने ग्रामीणों में उत्साह और विश्वास का माहौल भी बनाया।


अन्य पोस्ट