ताजा खबर

स्कूटी पर निकले डिप्टी सीएम अरुण साव, लोरमी में विकास कार्यों का किया निरीक्षण
03-May-2026 2:43 PM
स्कूटी पर निकले डिप्टी सीएम अरुण साव, लोरमी में विकास कार्यों का किया निरीक्षण

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

मुंगेली, 3 मई। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं लोरमी विधायक अरुण साव शनिवार को एक अलग अंदाज में नजर आए। उन्होंने स्कूटी पर सवार होकर लोरमी नगर का भ्रमण किया और विभिन्न विकास कार्यों का जमीनी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान अरुण साव रानीगांव पहुंचे, जहां उन्होंने गार्डन, तालाब और मुक्तिधाम निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने प्रवेश द्वार और नाली निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए। मनियारी नदी पर बन रहे पुल के कार्य की भी समीक्षा की गई।
डिप्टी सीएम ने बस स्टैंड स्थित जिम में युवाओं से मुलाकात कर उनकी जरूरतों और सुझावों को जाना। इसके बाद उन्होंने स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत संचालित मेडिकल यूनिट का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।

लोरमी में आधुनिक लाइब्रेरी के रूप में विकसित हो रहे नालंदा परिसर के निर्माण कार्य का भी उन्होंने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की सुविधाएं युवाओं के भविष्य को बेहतर दिशा देने में मददगार साबित होंगी।
भ्रमण के दौरान अरुण साव ने बच्चों, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। ब्राह्मण पारा में उन्होंने जादूगर के कार्यक्रम का आनंद भी लिया। बाद में विधायक कार्यालय में नागरिकों के साथ बैठक कर विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की।
राम्हेपुर स्थित शिव मंदिर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बेहद जरूरी है, तभी जनता का भरोसा मजबूत होता है। उन्होंने सभी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।

 


अन्य पोस्ट