ताजा खबर

दिल्ली की शाम की पहली फ्लाइट हाउसफुल, किराया 10 हजार के पार
03-May-2026 2:41 PM
दिल्ली की शाम की पहली फ्लाइट हाउसफुल, किराया 10 हजार के पार

यात्रियों की कमी के दावे पर फिर उठा सवाल
'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 3 मई। बिलासपुर से दिल्ली के लिए शुरू हुई बहुप्रतीक्षित शाम की फ्लाइट ने उड़ान भरने से पहले ही जबरदस्त प्रतिक्रिया हासिल कर ली। महज 3-4 दिनों में इस फ्लाइट का किराया 10 हजार रुपए के पार पहुंच गया है, जिससे यह साफ पता चल रहा है कि बिलासपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की कोई कमी नहीं है।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के अनुसार 3 मई से शुरू हो रही इस फ्लाइट की बुकिंग शुरू होते ही यात्रियों का रुझान तेजी से बढ़ा। कुछ ही दिनों में किराया 10 हजार रुपए से ऊपर पहुंच गया, जबकि रायपुर से दिल्ली के लिए 4 मई की सुबह की फ्लाइट का किराया इससे कम बना हुआ है। एयरलाइन सूत्रों के मुताबिक, इस फ्लाइट में 80 प्रतिशत से ज्यादा सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं।

समिति ने आरोप लगाया कि रायपुर का एक लॉबी लगातार बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार और नई फ्लाइट्स के खिलाफ माहौल बना रही है। यह लॉबी यह भ्रम फैलाती रही है कि यहां यात्रियों की कमी है, जबकि हकीकत इसके उलट है। बिलासपुर-दिल्ली और बिलासपुर-प्रयागराज रूट पर 80 से 90 प्रतिशत तक सीटें भरी रहती हैं, वहीं कोलकाता रूट पर भी 60 से 70 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की जाती है।
समिति का कहना है कि लंबे समय से शाम या सुबह की फ्लाइट की मांग की जा रही थी। अब जब एलायंस एयर ने सप्ताह में एक दिन रविवार को शाम 6:45 बजे फ्लाइट शुरू करने का फैसला लिया है, तो यात्रियों की संख्या और बढ़ने की पूरी संभावना है। नियमित और भरोसेमंद सेवाएं मिलने पर बिलासपुर एयरपोर्ट से यात्री संख्या में लगातार इजाफा होगा।
फ्लाइट सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का धरना प्रदर्शन भी जारी है। इसमें शहर के कई सामाजिक और व्यापारी वर्ग के लोग शामिल हो रहे हैं और बिलासपुर को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी दिलाने की मांग उठा रहे हैं।

 


अन्य पोस्ट