ताजा खबर
8.15 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
'छत्तीसगढ़Ó संवाददाता
गरियाबंद, 3 मई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव रविवार को गरियाबंद जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करने के साथ-साथ कई सामाजिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।
जारी प्रोटोकॉल के अनुसार, उप मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे नया रायपुर स्थित निवास कार्यालय से प्रस्थान करेंगे। वे नगर पंचायत कोपरा पहुंचकर अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यहां विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया जाएगा।
इसके पश्चात वे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान, कोपरा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां नवीन निर्माण कार्यों के लोकार्पण एवं मूर्ति स्थापना के कार्यक्रम होंगे।
दोपहर बाद उप मुख्यमंत्री गरियाबंद बस स्टैंड से साहू छात्रावास पहुंचकर जिला साहू संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
शाम को वे नालंदा परिसर, पीएम श्री स्कूल गरियाबंद में आयोजित कार्यक्रम में करीब 815.98 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें नालंदा परिसर, अधोसंरचना मद एवं 15वें वित्त आयोग से स्वीकृत कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रमों के समापन के बाद उप मुख्यमंत्री पुन: रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।


