ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 2 मई। सरगुजा जिला के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत नवाबांध गांव में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब बनाने को लेकर हुए विवाद में पत्नी ने अपने पति पर खौलता माड़ (चावल का गर्म पानी) फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवाबांध निवासी कन्नीलाल राजवाड़े की पत्नी रामबाई लंबे समय से महुआ शराब बनाकर बेचती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था।
29 अप्रैल की रात करीब 9 बजे कन्नीलाल ने पत्नी को शराब बनाना बंद करने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।
विवाद के दौरान गुस्से में आकर रामबाई ने चूल्हे पर रखा माड़ गर्म किया और खौलता हुआ माड़ पति पर उड़ेल दिया। इससे कन्नीलाल के चेहरे, गर्दन, सीने और पीठ पर गंभीर जलन हो गई। परिजनों ने उसे तत्काल दरिमा अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर किया गया।
पीडि़त के पुत्र की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी पत्नी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।


