ताजा खबर
बिजली गिरने की चेतावनी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 2 मई । मौसम विभाग ने आज शाम बस्तर से बलरामपुर तक आंधी तूफान और आकाशीय बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। अगले तीन घंटे के लिए जारी चेतावनी के अनुसार बस्तर, नारायणपुर कोंडागांव कांकेर, राजनांदगांव, दुर्ग, बेमेतरा, कवर्धा,धमतरी,गरियाबंद, महासमुंद रायपुर बलौदा बाजार, बिलासपुर, मुंगेली जांजगीर चांपा, रायगढ़, कोरबा, जीपीएम, जशपुर, सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर और बलरामपुर में अचानक 30-40 किमी की गति से आंधी भी चलेगी।
दूसरी ओर आज दोपहर रायपुर बिलासपुर को छोड़ शेष प्रदेश में तापमान में गिरावट बनी हुई है। पेंड्रा और बिलासपुर में तो दोपहर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर ढाई बजे रायपुर में तापमान 41.2, बिलासपुर में 40.2 डिग्री के साथ तपिश बनी हुई है। वहीं अंबिकापुर में 38, पेंड्रा में 26.8, जगदलपुर में 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ और एक द्रोणिका सक्रिय होने से प्रदेश में कल 3 मई को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।


