ताजा खबर

आईईडी विस्फोट, 3 जवान शहीद, एक जख्मी
02-May-2026 3:26 PM
आईईडी विस्फोट, 3 जवान शहीद, एक जख्मी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर, 2 मई।
कांकेर जिले में आज डी-माइनिंग अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से डीआरजी के  गंभीर रूप से घायल तीन जवान शहीद हो गए, वहीं एक जवान घायल है।
 शनिवार को थाना छोटे बेठिया, जिला कांकेर-नारायणपुर के सीमा क्षेत्र में डी-माइनिंग / एरिया डॉमिनेशन / सर्च ऑपरेशन हेतु टीम रवाना हुई थी।
डी माइनिंग अभियान के दौरान दुर्घटनावश आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से कांकेर डीआरजी  के 4 जवान घायल हो गए थे,  जिसमें 3 जवान इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा, कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले गंभीर रूप से ज़ख्मी होने से मौके पर शहीद हो गए एवं एक जख्मी जवान कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा को बेहतर उपचार के लिए आवश्यक सुविधा दी जा रही है।

बस्तर के आईजी सुंदरराज पट्टिलिंगम के अनुसार पिछले कुछ महीनों में आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों द्वारा दी गई जानकारी तथा अन्य  इनपुट के आधार पर, माओवादियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए सैकड़ों आईईडी बस्तर रेंज में पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा बरामद कर निष्क्रिय किए गए थे। लेकिन आज की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में, जब कांकेर जिला पुलिस दल आईईडी को निष्क्रिय कर रहा था, तभी वह आकस्मिक रूप से विस्फोटित हो गया, जिसके कारण तीन पुलिस बल के सदस्यों की मृत्यु हो गई, जबकि एक पुलिस बल का सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। 
 


अन्य पोस्ट