ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 2 मई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेशभर में 1 मई से शुरू हुए सुशासन तिहार के तहत नगर निगम क्षेत्र के जोन-1 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 1 और 2 के लिए सकरी स्थित मिनीमाता सांस्कृतिक भवन में लगाए गए शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याओं व मांगों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।
पहले दिन आयोजित इस शिविर में कुल 163 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 21 आवेदन शिकायतों से जुड़े थे, जबकि 142 आवेदन विभिन्न मांगों और आवश्यकताओं से संबंधित रहे।
कार्यक्रम में शामिल तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य हर नागरिक का कल्याण और समग्र विकास है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन स्थापित हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों के तहत योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उपस्थित नागरिकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। नगर निगम क्षेत्र के सभी 70 वार्डों में 1 मई से 10 जून तक ऐसे समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों के आवेदन लिए जाएंगे और समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।


