ताजा खबर

टॉपर अंशुल शर्मा को साहू ने सोनपापड़ी खिलाकर दी बधाई, कहा-युवा ही न्यू इंडिया की ताकत
02-May-2026 11:27 AM
टॉपर अंशुल शर्मा को साहू ने सोनपापड़ी खिलाकर दी बधाई, कहा-युवा ही न्यू इंडिया की ताकत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 2 मई। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने मुंगेली जिले के कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र अंशुल शर्मा से मुलाकात कर उसे सम्मानित किया। मंत्री साहू ने अंशुल को उसकी पसंदीदा मिठाई सोनपापड़ी खिलाकर शुभकामनाएं दीं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की ऐसी उपलब्धियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रेरणादायक हैं।

मंत्री साहू ने अपने विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान यह भी स्पष्ट किया कि समाज का समग्र विकास, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण और जनसेवा उनके कार्यों की प्राथमिकता है। इसी क्रम में उन्होंने मुंगेली जिले के जरहागांव क्षेत्र के ग्राम बरदुली में आयोजित भक्त माता कर्मा जयंती और सामूहिक आदर्श विवाह समारोह में भाग लिया। यहां उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

इसके बाद उन्होंने कबीरधाम जिले के पंडरिया क्षेत्र अंतर्गत दलपुरवा (रमतला) में आयोजित भक्त माता कर्मा जयंती कार्यक्रम में भी शिरकत की। उन्होंने कहा कि भक्त माता कर्मा का जीवन सेवा, समर्पण और भक्ति का अद्वितीय उदाहरण है, जो समाज को एकता और नैतिक मूल्यों की ओर प्रेरित करता है।

बिलासपुर प्रवास के दौरान मंत्री साहू ने देवरीखुर्द स्थित मां मनका दाई मंदिर में आयोजित धुरी समाज (बिलासपुर संभाग) के सम्मेलन में भी भाग लिया। यहां उन्होंने समाज के लोगों से संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य और समाज की निरंतर प्रगति की कामना की।

 


अन्य पोस्ट