ताजा खबर
पंजाब सरकार ने शुक्रवार को विश्वास प्रस्ताव के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया था. सरकार का यह विश्वास प्रस्ताव विधानसभा में सर्वसम्मति से पारित हो गया.
बीबीसी पंजाबी के मुताबिक़ आम आदमी पार्टी (आप) के 94 विधायकों में से 88 ने प्रस्ताव का समर्थन किया. आम आदमी पार्टी के दो विधायक जेल में हैं और चार विधायक इस दौरान सदन से अनुपस्थित थे.
दरअसल आप के पंजाब से छह राज्यसभा सदस्यों ने ख़ुद को बीजेपी में शामिल कर लिया था, जिसके बाद सरकार ने विशेष सत्र बुलाकर विश्वास प्रस्ताव पेश किया था.
प्रस्ताव पारित होने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इस प्रस्ताव की एक प्रति राष्ट्रपति के पास ले जाएंगे. मुख्यमंत्री मान को राष्ट्रपति से मिलने के लिए 5 मई का समय दिया गया है.
सत्र के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, "अफवाहों का बाज़ार गर्म है. नकारात्मक ख़बरें तेजी से फैलती हैं. इससे आम लोगों के मन में भ्रम पैदा होता है. यह विरोधियों की चाल है."
आम आदमी पार्टी के कुल सात राज्यसभा सदस्यों के बीजेपी में शामिल होने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री मान ने कहा कि इससे झाड़ू (आप) को कोई फर्क नहीं पड़ता. (bbc.com/hindi)


