ताजा खबर

असिस्टेंट कमांडेंट के बेटे ने की ख़ुदकुशी
01-May-2026 4:57 PM
 असिस्टेंट कमांडेंट के बेटे ने की ख़ुदकुशी

घर पर अकेला था छात्र

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

​भिलाई नगर, 1 मई। भिलाई में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के प्रथम बटालियन परिसर में एक 20 वर्षीय युवक ने फांसी लगा कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान आयुष झरिया के रूप में हुई है।

​यह घटना गुरुवार 30 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है। आयुष के पिता संतोष कुमार झरिया प्रथम बटालियन में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर पदस्थ हैं, उस समय विधानसभा ड्यूटी पर थे। परिवार के अन्य सदस्य, माँ और बहन, गांव गए हुए थे, जिसके कारण आयुष घर पर अकेला था।

​पुलिस जांच और कार्रवाई
​जब पिता देर रात अपनी ड्यूटी से लौटे तो उन्होंने बेटे का शव फंदे से लटका पाया। सूचना मिलते ही स्मृति नगर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पंचनामा की कार्यवाही पूरी की।

पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। आज पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को उनके गृहग्राम जबलपुर (मध्य प्रदेश) ले जाया जाएगा, जहाँ उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा।

​मृतक आयुष झरिया रुंगटा कॉलेज में बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र था। इस अचानक हुई घटना से पूरे बटालियन परिसर और कॉलेज में शोक की लहर है।

 


अन्य पोस्ट