ताजा खबर

सड़क सुरक्षा की अनूठी पहल, 9 पंचायतों में हेलमेट बैंक शुरू
30-Apr-2026 7:39 PM
सड़क सुरक्षा की अनूठी पहल, 9 पंचायतों में हेलमेट बैंक शुरू

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कोण्डागांव, 30 अप्रैल।
कोण्डागांव जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा अनोखी पहल करते हुए हेलमेट बैंक योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों में हेलमेट पहनने की आदत विकसित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर और गंभीर चोटों को कम करना है।

नेशनल हाईवे 30 से लगे दुर्घटना संभावित ग्राम पंचायतों में हेलमेट बैंक स्थापित किए गए हैं। वर्तमान में जिले की 9 ग्राम पंचायतों मस्सुकोकोड़ा, माड़ीआंगांव, लंजोड़ा, अनंतपुर, बड़ेराजपुर, बनियागांव, मसोरा, मर्दापाल और माकड़ी में इस योजना का संचालन किया जा रहा है। इन केंद्रों पर 120 से अधिक हेलमेट उपलब्ध हैं और अब तक 400 से ज्यादा लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं। योजना के तहत बिना हेलमेट यात्रा कर रहे दोपहिया वाहन चालकों को अस्थायी रूप से हेलमेट उपलब्ध कराया जाता है। हेलमेट प्राप्त करने के लिए संबंधित व्यक्ति को पहचान पत्र या नाममात्र राशि जमा करनी होती है, जिसे हेलमेट लौटाने पर वापस कर दिया जाता है।

जिला कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि हेलमेट पहनने को अपनी दैनिक आदत बनाएं और परिवार के सदस्यों को भी दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के प्रति छोटी-सी सावधानी भी बड़ी दुर्घटनाओं से बचा सकती है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सड़क सुरक्षा की दिशा में सकारात्मक और जनहितकारी कदम बताया है।

 


अन्य पोस्ट