ताजा खबर

एमपी की शराब और अवैध बॉटलिंग यूनिट का भंडाफोड़
30-Apr-2026 2:07 PM
एमपी की शराब और अवैध बॉटलिंग यूनिट का भंडाफोड़

मुसरा के पास एक घर में शराब की पेटियां और यूनिट सामान जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 अप्रैल।
डोंगरगढ़ इलाके में एक घर में अवैध तरीके से शराब की बॉटलिंग यूनिट चलाए जाने का मामला सामने आया है। आबकारी विभाग ने उक्त यूनिट का भंडाफोड़ करते मध्यप्रदेश निर्मित 27 पेटी शराब भी जब्त किया। करीब सालभर पहले डोंगरगढ़ में इसी तरह के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया गया था। इस बार शराब माफियाओं ने मुसरा क्षेत्र में संचालित बॉटलिंग यूनिट से लाखों रुपए का मुनाफा कमाया है। आबकारी विभाग को यह जानकारी काफी देर से मिली है। सवाल खड़ा हो रहा है कि यह यूनिट कब से चल रही थी, इसको लेकर भी आला अफसरों को सार्वजनिक रूप से जानकारी देना चाहिए।

मिली जानकारी के मुताबिक डोंगरगढ़ के कातलवाही और मुसरा क्षेत्र में आबकारी महकमे ने कार्रवाई करते 27 पेटी शराब बरामद की। इसके अलावा  खाली बोतल और ढक्कन भी जब्त किया गया है। ऐसा अंदेशा है कि मध्यप्रदेश की शराब को डंप कर माफिया नए तरीके से बॉटलिंग कर रहे थे। मध्यप्रदेश की तुलना में छत्तीसगढ़ में शराब की कीमतें ज्यादा है। ऐसे में सीमावर्ती इलाकों से शराब माफियाओं ने काफी दिनों से शराब की बड़े पैमाने पर तस्करी की है। डंप शराब को छत्तीसगढ़ के पैकिंग के आधार पर बॉटलिंग की जा रही थी।

डोंगरगढ़ के आसपास क्षेत्र में लंबे समय से तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं। बीते वर्ष भी करवारी शराब कांड ने पुलिस और प्रशासन की काफी किरकिरी की थी। करवारी शराब कांड में पुलिस ने न सिर्फ जिलेभर में बल्कि छत्तीसगढ़ व अलग-अलग प्रदेशों में छापामार कार्रवाई कर तस्करों को धरदबोचा था। अब यह मामला पूरी तरह से शांत नहीं हुआ था कि अब मुसरा और कातलवाही में बॉटलिंग यूनिट का भंडाफोड़ हुआ है। भले ही आबकारी विभाग अपनी इस कार्रवाई को अपनी सफलता बता रहा है, लेकिन  तस्करों द्वारा बॉटलिंग यूनिट चलाने और अवैध शराब की खेप दीगर राज्य से लाने की रोकथाम करने में आबकारी विभाग का जमीनी अमला नाकाम रहा। बहरहाल राजनांदगांव में एक बार फिर अवैध शराब  की तस्करी और बॉटलिंग यूनिट का मामला सामने आने से आबकारी विभाग की कार्यशैली कटघरे में खड़ी हो गई है।

 छग की खाली बोतल-ढक्कन जब्त
मिली जानकारी के अनुसार थाना डोंगरगढ़ ग्राम मुसराकला निवासी भिखारी निषाद के ग्राम कातलवाही नाला किनारे बाड़ी स्थित मकान में जांच की गई। जांच के दौरान 264 नग बोतल बॉम्बे व्हिस्की प्रत्येक में 750 एमएल तथा 250 नग पाव गोवा व्हिस्की प्रत्येक में 180 एमएल कुल मात्रा 243 लीटर तथा 200 नग खाली बोतल मध्यप्रदेश का लेबल लगा, 500 पाव की खाली बोतल छत्तीसगढ़ का लेबल लगा, 220 नग ढक्कन टूटे हुए मध्यप्रदेश का लेबल लगा तथा 715 नग साबुत ढक्कन छत्तीसगढ़ का लेबल लगा मौके से बरामद कर जब्त किया गया। घटनास्थल से जांच के दौरान थाना डोंगरगढ़ ग्राम छीपा निवासी आरोपी चंद्रकांत सेन उर्फ सोनू को मकान से भागते देखा गया। आरोपियों के विरूद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की विभिन्न धाराओं के तहत गैरजमानतीय अपराध होने पर प्रकरण कायम किया गया है।
 


अन्य पोस्ट