ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 30 अप्रैल। बलौदा में पति ने अवैध संबंध के शक में अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और घटना को करंट लगने से हुई मौत बताकर छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी महेंद्र मिरी ने बलौदा थाने में सूचना दी थी कि उसकी पत्नी ललिता मिरी की मौत बिजली के करंट की चपेट में आने से हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। वहां नवविवाहिता का शव बाथरूम में पड़ा था और वहीं पर इमर्शन रॉड पड़ा था। पति का कहना था कि पानी गर्म करते समय वह करंट की चपेट में आ गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की और शव का पोस्टमार्टम कराया।
नवविवाहिता की संदिग्ध मौत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देश और एएसपी उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में मृतका के परिजनों और आरोपी पति से पूछताछ की गई।
जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी महेंद्र मिरी के साथ उनकी पत्नी का विवाद होता रहता था। विवाद कथित रूप से आरोपी का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध होना था। विवाद के दौरान आरोपी अक्सर अपनी पत्नी से मारपीट करता था।
पुलिस के अनुसार, 28-29 अप्रैल की रात आरोपी ने सुनियोजित तरीके से पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए उसने शव को बाथरूम में ले जाकर बाल्टी में पानी भरकर उसमें इमर्शन रॉड डाल दिया और मृतका के हाथ-पैर उस पानी में डुबो दिए, ताकि मामला करंट लगने से मौत का लगे।
पोस्टमार्टम और जांच के बाद हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


