ताजा खबर

पत्नी की हत्या कर खुदकुशी की कोशिश, बंदी
30-Apr-2026 1:34 PM
पत्नी की हत्या कर खुदकुशी की कोशिश, बंदी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 30 अप्रैल।
विवाह समारोह में एक युवक ने टांगी मारकर पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन उसे बचा लिया गया। ग्रामीणों ने तत्काल आरोपी युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के अनुसार, बीती रात मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र के आमा खेरवा निवासी प्रवीण उर्फ छोटू पनिका (30)अपनी पत्नी खुशबू के साथ केल्हारी तिलोखन के पास आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान अज्ञात कारणों से प्रवीण ने एक कमरे में अपनी पत्नी पर टांगी से हमला कर उसका गला काट दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन उसे बचा लिया गया।
घटना के बाद विवाह समारोह में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल आरोपी युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।
बताया जाता है कि आरोपी करीब एक हफ्ते से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था।   


अन्य पोस्ट