ताजा खबर

एसईसीएल ने 754 विस्थापितों को दी नौकरी, पारदर्शिता बढ़ाने हाई-लेवल कमेटी गठित
30-Apr-2026 12:22 PM
एसईसीएल ने 754 विस्थापितों को दी नौकरी, पारदर्शिता बढ़ाने हाई-लेवल कमेटी गठित

फर्जी शिकायतों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 30 अप्रैल। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास नीति के तहत 754 पात्र भू-स्वामियों को रोजगार उपलब्ध कराया है।  

कंपनी के अनुसार, बीते वित्तीय वर्ष में 300 हेक्टेयर से अधिक भूमि का अधिग्रहण किया गया। इस प्रक्रिया में पात्र परिवारों को नियमानुसार रोजगार सहित अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।  एसईसीएल ने स्पष्ट किया है कि इस पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

इसी दिशा में एसईसीएल ने भूमि के बदले रोजगार से जुड़े मामलों की निगरानी को और मजबूत करने के लिए एक उच्च स्तरीय स्थायी समीक्षा समिति  का गठन किया है। यह समिति आवेदन और दस्तावेजों की गहन जांच करेगी, शिकायतों की निष्पक्ष और समयबद्ध समीक्षा करेगी तथा सक्षम प्राधिकारी को अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।

आधिकारिक आदेश के मुताबिक, इस समिति की अध्यक्षता मुख्यालय के महाप्रबंधक (भूमि राजस्व) करेंगे। वहीं, महाप्रबंधक (योजना एवं परियोजना) और महाप्रबंधक (मानव संसाधन) इसके सदस्य होंगे।

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ मामलों में कर्मचारियों के खिलाफ भ्रामक और निराधार शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे मामलों में एसईसीएल कानूनी कार्रवाई करने के लिए अधिकृत है। साथ ही सभी संबंधित पक्षों से अपील की गई है कि वे तथ्यों के आधार पर ही अपनी शिकायतें प्रस्तुत करें।

एसईसीएल ने आम जनता से भी अनुरोध किया है कि वे केवल अधिकृत स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें और किसी भी प्रकार के प्रलोभन या अपुष्ट दावों से सतर्क रहें। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति मुख्यालय में महाप्रबंधक (भूमि राजस्व) कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

 

 


अन्य पोस्ट