ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 30 अप्रैल। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में कार बिक्री के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है, जहां आरोपियों ने 5.11 लाख रुपये के सौदे में अधिकांश रकम हड़प ली और अब भुगतान से बचते हुए पीड़ित को धमकी दे रहे हैं।
पीड़ित सर्वेश कश्यप ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर बताया कि उसे अपनी मां के इलाज के लिए तत्काल पैसों की जरूरत थी, इसलिए उसने अपनी कार बेचने का निर्णय लिया। इसी दौरान उसके दोस्त विक्की सिदारा उर्फ विजय सिदारा ने वाहन बेचने में मदद का भरोसा दिलाया।
शिकायत के अनुसार, विक्की सिदारा ने उसे 7 सितंबर 2025 को रायपुर ले जाकर संजय महानंदा से मिलवाया। वहां पहले से तैयार एक एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर कराए गए और बताया गया कि कार का सौदा 5.11 लाख रुपये में तय हो गया है।
पीड़ित का आरोप है कि विश्वास में लेकर उसने अपनी कार संजय महानंदा को सौंप दी। उसी दिन उसके खाते में मात्र 60 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए और शेष 4.51 लाख रुपये बाद में देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद जब भी उसने बाकी रकम की मांग की, आरोपी टालमटोल करते रहे। अब आरोप है कि वे पैसे देने से साफ इनकार कर रहे हैं और उल्टा धमकी दे रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


