ताजा खबर
पीएआई 2.0 रिपोर्ट, झलमला सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 अप्रैल। पंचायती राज मंत्रालय द्वारा जारी पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (PAI) 2.0 रिपोर्ट में छत्तीसगढ़ की आधे से अधिक ग्राम पंचायतों में बुनियादी सुविधाओं की कमी है। एक भी पंचायत उत्कृष्ट श्रेणी की नहीं है। अलबत्ता, झलमला प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ पंचायत आंका गया है।
छत्तीसगढ़ ने सभी 11,643 ग्राम पंचायतों की 100 प्रतिशत भागीदारी के साथ उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राज्य के सभी 33 जिलों और 145 विकासखंडों से सत्यापित डेटा प्रस्तुत किया गया, जो मजबूत प्रशासनिक तंत्र को दर्शाता है।
हालांकि, प्रदर्शन के स्तर पर असमानता सामने आई है। राज्य की केवल 30 पंचायतें ग्रेड A (फ्रंट रनर) में हैं, जबकि 3,936 पंचायतें ग्रेड B, 5,941 पंचायतें ग्रेड C और 1,736 पंचायतें ग्रेड D श्रेणी में हैं। उल्लेखनीय है कि कोई भी पंचायत शीर्ष A+ श्रेणी में नहीं पहुंच पाई।
बालोद जिले की झालमला ग्राम पंचायत 78.77 स्कोर के साथ राज्य में शीर्ष पर रही है और मॉडल पंचायत के रूप में उभरी है।
थीमवार विश्लेषण में स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय और बाल अनुकूल संकेतकों में अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन दिखा, जबकि जल प्रबंधन, स्वच्छता, बुनियादी ढांचा, सुशासन और महिला-केंद्रित विषयों में कमजोरियां सामने आईं। खासकर ‘अच्छा शासन’ और ‘महिला अनुकूल पंचायत’ में बड़ी संख्या ग्रेड D में रही।
राष्ट्रीय स्तर पर यह सूचकांक 33 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों की 2.59 लाख पंचायतों का 150 संकेतकों के आधार पर आकलन करता है।
रिपोर्ट में कहा गया कि छत्तीसगढ़ ने सहभागिता में उत्कृष्टता दिखाई है, लेकिन अब सेवा वितरण, इंफ्रास्ट्रक्चर और गवर्नेंस की गुणवत्ता सुधारने पर ध्यान देना आवश्यक है, ताकि अधिक पंचायतें उच्च श्रेणियों में पहुंच सकें।


