ताजा खबर

भूपेश बघेल के नाम से वायरल एआई क्लिप पर एफआईआर की मांग
29-Apr-2026 11:56 AM
भूपेश बघेल के नाम से वायरल एआई क्लिप पर एफआईआर की मांग

कांग्रेस ने सिविल लाइन थाने में दी शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 29 अप्रैल। सोशल मीडिया पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल का एक कथित एआई-जनित वायरल फेक वीडियो को कांग्रेस ने पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है और मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

इस संबंध में कांग्रेस नेताओं ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा। नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस पोल खोल नामक इंस्टाग्राम अकाउंट से यह वीडियो पोस्ट किया गया, जिसका उद्देश्य जानबूझकर गलत जानकारी फैलाना और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाना है।

राज्य कांग्रेस प्रवक्ता अभयनारायण राय, पूर्व सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रमोद नायक, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मेमन सहित अन्य नेताओं ने थाने पहुंचकर इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।  

कांग्रेस नेताओं ने अपने आवेदन में कहा है कि यह वीडियो पूरी तरह फर्जी है और इसे एआई तकनीक के जरिए तैयार किया गया है। उनका कहना है कि इस तरह की सामग्री से न केवल व्यक्ति विशेष की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, बल्कि समाज में भ्रम और अस्थिरता भी फैलाने की कोशिश हो रही है।

थाना प्रभारी ने कहा है कि वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।  


अन्य पोस्ट