ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 29 अप्रैल। जिला पंचायत की विशेष सामान्य सभा में महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासी माहौल गरमा गया। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के विरोध को मुद्दा बनाते हुए बीजेपी ने निंदा प्रस्ताव पेश किया, जिसे बहुमत के आधार पर पारित कर दिया गया। बैठक में कांग्रेस सदस्यों की गैरमौजूदगी रही।
जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने यह निंदा प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसे बीजेपी सदस्यों का पूरा समर्थन मिला। दूसरी ओर, कांग्रेस सदस्यों ने बैठक में शामिल होने के बजाय बहिष्कार का रास्ता चुना। उनकी अनुपस्थिति पर बीजेपी सदस्यों ने सवाल उठाते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण जैसे अहम मुद्दे को राजनीति से जोड़ना उचित नहीं है।
कांग्रेस के बहिष्कार के कारण प्रस्ताव बिना किसी विरोध के पारित हो गया। बैठक के दौरान अन्य विकास और प्रशासनिक विषयों पर भी चर्चा की गई, जिसमें योजनाओं की प्रगति और स्थानीय मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने ‘ज्ञान भारतम’ पांडुलिपि संरक्षण योजना का उल्लेख करते हुए इसे सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से पुरानी पांडुलिपियों और ऐतिहासिक दस्तावेजों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है।


