ताजा खबर
कांग्रेस ने जांच कमेटी बिठाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अप्रैल। कंस्ट्रक्शन कारोबारी से 50 लाख रुपए लेकर फरार होने के मामले में पुलिस की गिरफ्त में आए बिरगांव के कांग्रेस पार्षद ओम प्रकाश साहू को पार्टी ने निलंबित कर दिया है। साथ ही जांच के लिए कमेटी भी गठित की गई है।
रविवार को सेजबाहर से कंस्ट्रक्शन कारोबारी उमेश अग्रवाल की कार और 50 लाख रुपए लेकर भागे ड्राइवर कृष्णा साहू को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। कृष्णा साहू के साथ बिरगांव नगर निगम के एमआईसी सदस्य ओमप्रकाश साहू समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक कृष्णा ने एमआईसी सदस्य ओमप्रकाश को साढ़े सात लाख रुपए दिए थे, जो बरामद भी कर लिए गए हैं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिरगांव के अध्यक्ष योगेंद्र सोलंकी की सूचना के आधार पर जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने पार्षद ओम प्रकाश साहू को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।
जिला अध्यक्ष श्री बंजारे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अनुशासन, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या अनैतिक आचरण को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री (संगठन) को भेज दी गई है, ताकि आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि पार्टी कानून के शासन में विश्वास रखती है और इस मामले में निष्पक्ष जांच व विधिसम्मत कार्रवाई का समर्थन करती है। भविष्य में और तथ्य सामने आने पर कड़े निर्णय लिए जाएंगे।
जांच समिति का गठन
प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण ने एक जांच समिति गठित की है। इसमें ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिरगांव के अध्यक्ष योगेंद्र सोलंकी, लखन साहू, मंडल अध्यक्ष शिव साहू (पार्षद), संतोष साहू (पार्षद), राजेन्द्र साहू (पूर्व एल्डरमेन) और कांग्रेस नेता अविनाश निहाल को सदस्य बनाया गया है। समिति विस्तृत जानकारी जुटाकर अपनी रिपोर्ट जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण को सौंपेगी।


