ताजा खबर

बेकाबू कार डिवाइडर से टकराकर ट्रक में घुसी, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
28-Apr-2026 4:29 PM
बेकाबू कार डिवाइडर से टकराकर ट्रक में घुसी, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 28 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक  सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे।

पुलिस के अनुसार, यह घटना उरगा थाना क्षेत्र में फरसवानी टोल प्लाजा के आगे तड़के करीब 2 बजे हुई। बुधवारी, कोरबा निवासी सोनी परिवार के सदस्य चांपा में आयोजित चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया।

तेज रफ्तार कार पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई, फिर पलट गई और उसके बाद एक चलती ट्रक के पीछे जा घुसी। इस भीषण टक्कर में कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में मोंगरा सोनी (45 वर्ष), देवेंद्र सोनी (22 वर्ष) और ढाई वर्षीय मासूम प्रियांश की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों मृतक आपस में मां, बेटा और पोता थे। वहीं, तीन अन्य घायल व्यक्तियों को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि मोंगरा सोनी और प्रियांश के शव चांपा के बीडीएम अस्पताल में रखे गए हैं, जबकि देवेंद्र सोनी का शव जांजगीर जिला अस्पताल में रखा गया है।

जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले ही जितेंद्र सोनी की बेटी की शादी हुई थी और परिवार के लोग उसी सिलसिले में चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। मृतक परिवार टेंट हाउस का व्यवसाय करता था। प्राथमिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ।


अन्य पोस्ट