ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 28 अप्रैल। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की और प्रशासन को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि इन दिनों तापमान तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में नागरिकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, तेज धूप में अनावश्यक बाहर न निकलने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी।
मंत्री ने अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने पेयजल, छाया और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। इनमें स्थानीय सुविधाओं, नागरिक सेवाओं और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे शामिल थे। मंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए निराकरण का आश्वासन दिया।


