ताजा खबर

ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज से बचने के लिए भागा छात्र नागपुर में मिला
28-Apr-2026 11:50 AM
ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज से बचने के लिए भागा छात्र नागपुर में मिला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 28 अप्रैल। कोटा स्थित डॉ. सीवी रामन यूनिवर्सिटी के बॉयज़ हॉस्टल से लापता हुआ 20 वर्षीय छात्र रोहित कुमार आखिरकार नागपुर में सुरक्षित मिल गया। कोटा पुलिस ने लगातार तकनीकी जांच और सर्च ऑपरेशन के जरिए छात्र का पता लगाया और उसे बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार, बिहार के गया निवासी रोहित कुमार बी.फार्मेसी चौथे सेमेस्टर का छात्र है। वह 6 मार्च को हॉस्टल से अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद 7 मार्च को गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

जांच के दौरान पुलिस ने छात्र के बैंक खाते, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी क्रम में पता चला कि रोहित ऑनलाइन गेमिंग का आदी हो चुका था और इस कारण उस पर भारी कर्ज हो गया था।

छात्र की तलाश में पुलिस टीम ने दमोह, मथुरा और वृंदावन तक छानबीन की, लेकिन शुरुआती दौर में कोई ठोस सफलता नहीं मिली। आखिरकार 25 अप्रैल को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नागपुर में उसकी लोकेशन ट्रेस हुई। इसके बाद कोटा पुलिस की टीम तुरंत नागपुर पहुंची और 26 अप्रैल को रोहित को सुरक्षित ढूंढ निकाला। वहां के शंकरनगर इलाके में स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में वह गार्ड की नौकरी करने लगा था। 

पूछताछ में छात्र ने स्वीकार किया कि उसने ऑनलाइन गेमिंग में काफी पैसा गंवा दिया था और कई लोगों से उधार ले रखा था। उसे डर था कि परिवार को सच्चाई पता चल जाएगी, इसलिए उसने खुद ही हॉस्टल से भागने की योजना बनाई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई और बयान दर्ज करने के बाद छात्र को उसके परिजनों को सौंप दिया।


अन्य पोस्ट