ताजा खबर

बाजार जाने निकली पत्नी शादी में चली गई, नाराज युवक 100 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा
28-Apr-2026 11:49 AM
बाजार जाने निकली पत्नी शादी में चली गई, नाराज युवक 100 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा

पुलिस प्रशासन ने की तीन घंटे मशक्कत तब नीचे उतरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 28 अप्रैल। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कोरबा जिले की सीमा पर स्थित कोडगार चौकी क्षेत्र में सोमवार को एक युवक करीब 100 फीट ऊंचे चालू हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

कोरबा जिले के ग्राम पंचायत सेमरा के निवासी केवल सिंह आयाम के बारे में पुलिस ने बताया कि  पारिवारिक विवाद के कारण वह मानसिक तनाव में था। युवक की पत्नी बाजार जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह एक रिश्तेदार के घर शादी समारोह में चली गई और देर तक वापस नहीं लौटी। जब वह शादी वाले घर में पहुंचा तो उसने आने से मना कर दिया और बाद में आने की बात कही।  इससे नाराज होकर केवल सिंह ने गुस्से में यह खतरनाक कदम उठा लिया और सुबह करीब 10 बजे टावर पर चढ़ गया। वहीं उसकी पत्नी समिला बाई ने कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं थी और एक दिन पहले कोई बड़ा विवाद भी नहीं हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। बिजली विभाग से समन्वय कर सुरक्षा उपाय किए गए और भीड़ को नियंत्रित किया गया। करीब तीन घंटे तक लगातार समझाइश और रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा।

पेंड्रा के तहसीलदार अविनाश कुजूर ने बताया कि युवक को समझाकर दोपहर लगभग 1 बजे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। टावर से उतरने के बाद युवक को तुरंत कोडगार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति सामान्य बताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक को काउंसलिंग देने की बात कही गई है।


अन्य पोस्ट