ताजा खबर

डॉक्टर ने ऑटो पर कार चढ़ाई, बारातियों से भरी पिकअप पलटी, सड़क हादसों में तीन की मौत
28-Apr-2026 11:47 AM
डॉक्टर ने ऑटो पर कार चढ़ाई, बारातियों से भरी पिकअप पलटी, सड़क हादसों में तीन की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 28 अप्रैल। जिले में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसों की मुख्य वजह लापरवाही तो या तेज रफ्तार रही।

पहला हादसा लालखदान ओवरब्रिज के पास हुआ, जहां सिम्स मेडिकल कॉलेज में सर्जरी विभाग में पदस्थ और पीजी कर रहे डॉक्टर टिकेंद्र प्रसाद पटेल (29) की कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे वाहन और फिर एक ऑटो से जा भिड़ी। बताया गया कि सफर के दौरान उन्हें झपकी आ गई थी।

इस टक्कर में मस्तूरी क्षेत्र के धनजन गांव की निवासी बिरस बाई डहरिया (50) की मौके पर ही मौत हो गई। ऑटो चालक के दोनों पैर टूट गए, जबकि अन्य तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस के अनुसार डॉक्टर का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट निगेटिव आया है। वाहन जब्त कर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

दूसरा हादसा मस्तूरी क्षेत्र के रलिया के पास हुआ। सीपत नयापारा निवासी गौतम यादव (24) अपनी बहन को छोड़ने जा रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल गौतम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

तीसरा हादसा रतनपुर क्षेत्र में हुआ, जहां शादी से लौट रहे बारातियों से भरी तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया गया कि वाहन में 25 से ज्यादा लोग सवार थे। कर्मा बसाहा के पास मोड़ पर हुए इस हादसे में उमरिया डदर निवासी राम झूल सिंह (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


अन्य पोस्ट