ताजा खबर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच हुए फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफ़टीए) को 'ऐतिहासिक' बताया है.
इससे पहले न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफ़र लक्ज़न ने भी इस समझौते को भारत और न्यूज़ीलैंड के रिश्तों में एक 'ऐतिहासिक पड़ाव' बताया था.
पीएम मोदी ने एक्स पर न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री की पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा, "आज भारत-न्यूज़ीलैंड की साझेदारी में एक ऐतिहासिक पल दर्ज हुआ है."
उन्होंने कहा, "भारत-न्यूज़ीलैंड एफ़टीए हमारी विकास साझेदारी को अभूतपूर्व गति देगा. यह दोनों देशों को जोड़ने वाले गहरे भरोसे, साझा मूल्यों और महत्वाकांक्षा को दिखाता है."
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा, "इस समझौते से हमारे किसान, युवा, महिलाएं, एमएसएमई, कारीगर, स्टार्टअप, स्टूडेंट्स और इनोवेशन से जुड़े लोगों को बड़ा फ़ायदा मिलेगा. इससे विकास के नए रास्ते खुलेंगे, अवसर पैदा होंगे और अलग-अलग क्षेत्रों में हमारी साझेदारी और मज़बूत होगी."
उन्होंने कहा कि न्यूज़ीलैंड की ओर से '20 अरब डॉलर का निवेश' एग्रीकल्चर, मैन्युफ़ैक्चरिंग, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सहयोग को और मज़बूत करेगा.
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच सोमवार को मुक्त व्यापार समझौता हुआ है. भारत की ओर से केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और न्यूज़ीलैंड की ओर से व्यापार एवं निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने समझौते पर हस्ताक्षर किए. (bbc.com/hindi)


