ताजा खबर
साइबर सेल से जवाब मांगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अप्रैल। राज्य महिला आयोग ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल के नाम से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो के मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इस प्रकरण को अत्यंत संवेदनशील और गंभीर बताते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने कहा कि यह मामला न केवल एक सार्वजनिक व्यक्तित्व की छवि धूमिल करने का प्रयास है, बल्कि इससे महिला समाज की गरिमा को भी ठेस पहुंची है। आयोग ने स्पष्ट किया कि डिजिटल माध्यमों के जरिए इस तरह की भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार समाज में गलत संदेश देता है।
यह कार्रवाई 27 अप्रैल को एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के आधार पर शुरू की गई है, जिसमें फर्जी और एआई आधारित वीडियो को लेकर विवाद की जानकारी दी गई थी।
महिला आयोग ने साइबर सेल को वीडियो की तकनीकी जांच कर उसके मूल स्रोत का पता लगाने और उसे प्रसारित करने वालों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक को इस मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आयोग ने पुलिस प्रशासन और साइबर प्रकोष्ठ को सात दिनों के भीतर की गई कार्रवाई की विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया है।
महिला आयोग ने कहा है कि तकनीक का दुरुपयोग कर किसी भी व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं, की छवि खराब करना और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाना गंभीर अपराध है। आयोग ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


