ताजा खबर
गुजरा फाटक की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अप्रैल। रायपुर-महासमुंद मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार ससुर-दामाद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना आरंग से रायपुर की ओर आने वाले मार्ग पर मंदिर हसौद क्षेत्र के गुजरा फाटक के पास की बताई जा रही है।
बताया गया कि रेत से भरे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। बाइक दामाद चला रहा था, और वो दलदल सिवनी का रहने वाला है जबकि ससुर ग्राम रीवां का रहने वाला था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


