ताजा खबर

नदी के पास छूटा गहनों से भरा बैग, गश्ती पुलिस ने मालिक को ढूंढकर लौटाया
27-Apr-2026 11:54 AM
नदी के पास छूटा गहनों से भरा बैग, गश्ती पुलिस ने मालिक को ढूंढकर लौटाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 27 अप्रैल। शहर में पुलिस की सतर्कता और ईमानदारी का एक सकारात्मक उदाहरण सामने आया है। शिवघाट के पास बस से उतरते समय छूटे करीब 3 लाख रुपए कीमत के सामान से भरे बैग को सरकंडा थाना पुलिस ने सुरक्षित उसके असली मालिक को सौंप दिया। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने न केवल तत्परता दिखाई, बल्कि तकनीकी जांच के जरिए मालिक की पहचान भी सुनिश्चित की।

मिली जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल की रात करीब 1:30 बजे झारखंड के पलामू जिले के हैदर नगर निवासी 27 वर्षीय शेख आलमगीर बिलासपुर अपने ससुराल आए थे। बस से उतरते समय वे अनजाने में अपना बैग शिवघाट के पास ही भूल गए। इस बैग में सोने-चांदी के आभूषण और कपड़े रखे थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपए बताई गई।

इसी दौरान रात गश्त पर निकली सरकंडा पुलिस को उक्त बैग के बारे में सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल बैग को अपने कब्जे में लेकर थाने में सुरक्षित रखा और उसके मालिक की तलाश शुरू की।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर बैग के मालिक की पहचान शेख आलमगीर के रूप में हुई। इसके बाद उन्हें थाने बुलाया गया, जहां उन्होंने बैग खोलकर अपने सामान की पुष्टि की।

जांच में पाया गया कि बैग में रखे सभी गहने और कपड़े पूरी तरह सुरक्षित थे। अपना कीमती सामान सही-सलामत वापस मिलने पर शेख आलमगीर ने बिलासपुर पुलिस के प्रति आभार जताया।


अन्य पोस्ट