ताजा खबर

एनटीसीसी से मिले आधुनिक ब्लड सेंटर व हाईटेक मशीनों का साहू ने किया लोकार्पण
27-Apr-2026 11:53 AM
एनटीसीसी से मिले आधुनिक ब्लड सेंटर व हाईटेक मशीनों का साहू ने किया लोकार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 27 अप्रैल। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने एनटीपीसी सीपत के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत विकसित करीब 7.19 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण किया।

इस पहल के तहत कोनी स्थित कुमार साहब स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव शासकीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और सिम्स, बिलासपुर को आधुनिक उपकरण और उन्नत चिकित्सा ढांचा उपलब्ध कराया गया है। लगभग 4.27 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक ब्लड सेंटर, माइक्रोबायोलॉजी लैब, हार्मोन लैब और एआई आधारित माइक्रोस्कोपी यूनिट का शुभारंभ किया गया। यह ब्लड सेंटर राज्य का अपनी तरह का पहला आधुनिक केंद्र माना जा रहा है, जिससे जांच और उपचार सेवाओं की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा।

इसके अलावा सिम्स अस्पताल को करीब 2.92 करोड़ रुपये की लागत से 26 उन्नत मशीनें भी प्रदान की गईं। इनमें कलर डॉप्लर, ऑटोमैटिक केमिल्यूमिनेसेंस एनालाइजर, एचपीएलसी यूनिट, सी-आर्म, ऑपरेशन थिएटर टेबल, डेंटल चेयर और अन्य आधुनिक उपकरण शामिल हैं, जो मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने में सहायक होंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साहू ने एनटीपीसी के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस तरह की पहलें राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि इन सुविधाओं से बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक और एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट