ताजा खबर

ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट पर कहा- 47 साल तक मेहमाननवाज़ी का दौर ख़त्म
27-Apr-2026 9:20 AM
ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट पर कहा- 47 साल तक मेहमाननवाज़ी का दौर ख़त्म

ईरानी संसद के नेशनल सिक्योरिटी कमीशन के प्रमुख और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के पूर्व कमांडर इब्राहिम अज़ीज़ी ने होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर कहा है कि ईरान की मेहमाननवाज़ी के 47 साल का दौर ख़त्म हो गया है.

एक सोशल मीडिया पोस्ट में इब्राहिम अज़ीज़ी ने कहा, ''ग्रीक नेशनल टेलीविज़न के साथ अपनी बातचीत में मैंने एक बार फिर 'होर्मुज़ स्ट्रेट की नई व्यवस्था' का ज़िक्र किया. जैसा कि हमने पहले ही कहा है कि मेहमाननवाज़ी का 47 साल का दौर ख़त्म हो गया है.''

उन्होंने कहा, ''होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने की इच्छा रखने वाले सभी जहाज़ों को इसका टोल देना होगा.''

इब्राहिम अज़ीज़ी का कहना है कि 'मौजूदा दौर में होर्मुज़ स्ट्रेट ईरान की ताक़त के बुनियादी स्तंभ में से एक बन गया है.'

28 फ़रवरी को अमेरिका और इसराइल ने ईरान पर हमला कर दिया था. इस हमले के बाद ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट को बंद कर दिया है.

ईरानी तट के क़रीब मौजूद इस संकरे समुद्री रास्ते से आम दिनों में दुनिया की तेल और गैस सप्लाई का 20 फ़ीसदी हिस्सा गुज़रता रहा है.

होर्मुज़ स्ट्रेट के बंद होने के बाद दुनिया के कई देशों में तेल और गैस की कमी देखी जा रही है.

होर्मुज़ स्ट्रेट से बिना अनुमति के गुज़रने की कोशिश करने वाले कुछ जहाज़ों पर ईरानी सुरक्षाबलों ने गोलीबारी और हमले भी किए हैं.

उधर ओमान की खाड़ी में अमेरिकी नेवी ने भी ईरान से जुड़े जहाज़ों के लिए नाकाबंदी कर रखी है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट