ताजा खबर

गोवा से चल रहे ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 5 मुख्य आरोपी पकड़ लाई दुर्ग पुलिस
26-Apr-2026 1:22 PM
गोवा से चल रहे ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 5 मुख्य आरोपी पकड़ लाई दुर्ग पुलिस

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 26 अप्रैल।
आईपीएल सीजन के दौरान अवैध कमाई की फिराक में बैठे सटोरियों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने एक और बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने एक संगठित अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 मुख्य संचालकों और सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह गोवा, रायपुर और दुर्ग सहित कई राज्यों से अपना नेटवर्क फैलाए हुए था।
 

हाईटेक तरीके से करोड़ों का कारोबार
पुलिस की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। यह गिरोह इंटरनेट, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम कॉल के जरिए संपर्क में रहता था। सट्टे के अवैध पैसे के लेनदेन के लिए म्यूल अकाउंट और फर्जी सिम कार्ड का उपयोग किया जा रहा था। विवेचना के दौरान पता चला कि गिरोह प्रतिदिन 10 से 15 लाख रुपये और महीने में करीब 4 से 5 करोड़ रुपये का अवैध लेनदेन कर रहा था।

गोवा से जुड़े हैं गिरोह के तार
प्रकरण में पूर्व में हुई 6 गिरफ्तारियों के बाद, साइबर टीम ने तकनीकी और बैंकिंग ट्रेल का पीछा किया। जांच की कड़ी गोवा तक जा पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने गिरोह के ऊपरी स्तर पर सक्रिय 5 आरोपियों को दबोचा। आरोपी राहुल रंगवानी देवपुरी रायपुर, सोविंद यादव उर्फ राजू यादव प्रयागराज उत्तर प्रदेश, संदीप कापसे  गोंदिया महाराष्ट्र, अमन अली खुर्सीपार भिलाई और हुसैन अली  खुर्सीपार भिलाई को पुलिस ने धरदबोचा है।

भारी मात्रा में सामान और कैश बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से सट्टा संचालन में प्रयुक्त होने वाला हाईटेक सामान जब्त किया है। आरोपियों से 2 लाख 70 हजार रुपये कैश, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स 3 लैपटॉप, 26 मोबाइल फोन, वाई-फाई राउटर, 45 बैंक पासबुक, 76 एटीएम कार्ड और 10 चेक बुक, 5 सिम कार्ड, 2 पैन कार्ड बरामद हुआ है।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। नागरिकों से अपील है कि वे ऑनलाइन सट्टे और साइबर अपराधों के प्रलोभन में न आएं। यदि कहीं भी ऐसी संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
इस सफल कार्रवाई में सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर टीम की तकनीकी दक्षता की अहम भूमिका रही।
 


अन्य पोस्ट