ताजा खबर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक होटल में व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ डिनर (कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर) कर रहे थे, तभी गोली चलने की आवाज़ें आईं. इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जल्दबाज़ी में बाहर निकाला गया.
वहां मौजूद सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक़ कार्यक्रम में सात से आठ गोलियां चलीं.
कुछ देर बाद डोनाल्ड ट्रंप ने बताया, 'शूटर पकड़ा गया है, लेकिन शो जारी रहना चाहिए.
इस घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से जानकारी साझा की. उन्होंने हमलावर को 'बीमार' बताया.
ट्रंप ने कहा है कि यह शाम अब पहले जैसी नहीं रही, इस डिनर को फिर से आयोजित करना पड़ेगा.
डोनाल्ड ट्रंप ने बताया- शूटर पकड़ा गया
इस घटना के कुछ देर बाद डोनाल्ड ट्रंप ने खुद ही इस घटना के बारे में जानकारी दी.
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "वॉशिंगटन डीसी में शाम काफ़ी घटनापूर्ण रही. सीक्रेट सर्विस और क़ानून व्यवस्था की टीम ने बहुत अच्छा काम किया. उन्होंने तुरंत और बहादुरी से क़दम उठाया."
उन्होंने लिखा, "हमलावर पकड़ा जा चुका है. मैंने सुझाव दिया है कि कार्यक्रम जारी रहे. लेकिन पूरा फ़ैसला क़ानून व्यवस्था की टीम करेगी. वे जल्द ही निर्णय लेंगे. चाहे जो भी फ़ैसला हो, शाम अब पहले जैसी नहीं होगी और हमें इसे दोबारा करना पड़ेगा."
ट्रंप ने हमलावर के बारे में क्या बताया?
इस घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से जानकारी साझा की.
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "यह कार्यक्रम अभिव्यक्ति की आज़ादी को समर्पित था और इसका मक़सद सबको जोड़ना था. लेकिन एक आदमी कई हथियारों के साथ सिक्योरिटी चेकपॉइंट पर हमला करने आया. उसे सीक्रेट सर्विस के बहादुर सदस्यों ने रोक लिया."
"अभी सोशल मीडिया पर उस आदमी की हिरासत में ली गई तस्वीर और सुरक्षा कैमरे की फ़ुटेज साझा की है, जिसमें गोलीबारी की शुरुआत दिखाई देती है. संदिग्ध व्यक्ति बहुत बीमार है"
ट्रंप ने यह भी बताया कि इस घटना में एक सीक्रेट सर्विस अधिकारी को बहुत नज़दीक से गोली लगी, लेकिन उसकी बुलेट-प्रूफ़ जैकेट ने उसे बचा लिया.
उन्होंने कहा, "मैंने अभी उस अधिकारी से बात की है और वह बिल्कुल ठीक है. उसका मनोबल बहुत ऊँचा है, हमने उसे कहा कि हम उससे प्यार करते हैं और उसका सम्मान करते हैं."
वहां मौजूद पत्रकारों ने क्या बताया?
दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप वॉशिंगटन हिल्टन में बातचीत करते दिखाई दे रहे थे, तभी मेज़ की तरफ़ हलचल होने पर उनकी बातचीत रुक गई.
तेज़ धमाकों जैसी आवाज़ें सुनाई दीं. इसके बाद सीक्रेट सर्विस के कई सदस्यों ने 'नीचे रहने' के लिए कहा.
डिनर में मौजूद पत्रकार डैनियल बुश ने बताया कि गोलियों जैसी आवाज़ें आने के बाद लोग टेबलों के नीचे छिप गए. पहले ट्रंप को बाहर ले जाया गया और थोड़ी देर बाद रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ समेत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को भी उनकी सुरक्षा टीम बाहर ले गई.
कुछ अफ़रा-तफ़री भरे पलों के बाद मेहमान टेबलों के नीचे से निकलकर हालात को समझने लगे.
डैनियल बताते हैं, "यह डिनर में हाल के समय में पहली सुरक्षा चूक है, शायद पहली बार. यह भी पहली बार था जब ट्रंप ने बतौर राष्ट्रपति इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया."
बीबीसी के व्हाइट हाउस संवाददाता बर्न्ड डिबशमैन जूनियर ने बताया कि एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल मेरे पास ही बैठे थे. एक एजेंट कई टेबलों पर चढ़कर उनके पास पहुंचा और फिर उन्हें जल्दी से वहां से बाहर ले गया.
'हर साल होता है डिनर, लेकिन पहली बार हुआ ऐसा'
पत्रकार डैनियल बुश कहते हैं कि इस गोलीबारी की घटना को लेकर अभी भी बड़े सवाल हैं.
उन्होंने बताया, ''वॉशिंगटन हिल्टन में होने वाले इस कार्यक्रम में हर साल राष्ट्रपति, कई कैबिनेट मंत्री और प्रशासन के बड़े अधिकारी आते हैं. इसके अलावा सैकड़ों पत्रकार भी मौजूद रहते हैं.''
''मुख्य हॉल में जाने के लिए मेहमानों को वैसी ही सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ता है, जैसी एयरपोर्ट पर होती है. होटल के बाहर भी सुरक्षा रहती है.''
डैनियल बुश ने बताया, ''यह वॉशिंगटन का सबसे सुरक्षित कार्यक्रम माना जाता है. पहले कभी व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में ऐसी घटना नहीं हुई. लेकिन आज रात जो हुआ, उसके बाद इस कार्यक्रम की सुरक्षा पर और ज्यादा ध्यान दिया जाएगा.''
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित (bbc.com/hindi)


