ताजा खबर

अमेरिकी राष्ट्रपति के एक कार्यक्रम में संदिग्ध फ़ायरिंग की आवाज़ें, सीक्रेट सर्विस ने ट्रंप को बाहर निकाला
26-Apr-2026 8:43 AM
अमेरिकी राष्ट्रपति के एक कार्यक्रम में संदिग्ध फ़ायरिंग की आवाज़ें, सीक्रेट सर्विस ने ट्रंप को बाहर निकाला

वॉशिंगटन हिल्टन होटल में व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ आयोजित डिनर के दौरान संदिग्ध गोली चलने जैसी आवाज़ों के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जल्दबाज़ी में बाहर निकाला गया.

ट्रंप वॉशिंगटन हिल्टन में बातचीत करते दिखाई दे रहे थे, तभी हलचल होने पर उनकी बातचीत रुक गई.

तेज़ धमाकों जैसी आवाज़ें सुनी गईं. इसके बाद सीक्रेट सर्विस के कई सदस्य "नीचे रहें, नीचे रहें" कहते हुए राष्ट्रपति ट्रंप को कार्यक्रम स्थल से बाहर ले गए.

ट्रंप के शीर्ष सलाहकार स्टीफ़न मिलर को भी भीड़ से निकालकर बाहर ले जाते देखा गया. ज़्यादातर दूसरे लोग शुरुआत में हलचल के दौरान नीचे झुक गए, लेकिन राष्ट्रपति को बाहर ले जाने के बाद भी वे अंदर ही रहे.

बीबीसी के अमेरिकी न्यूज़ पार्टनर सीबीएस ने बताया कि सीक्रेट सर्विस ने राष्ट्रपति ट्रंप और फ़र्स्ट लेडी मेलानिया को मंच से हटा दिया है.

उनके बाहर जाने के बाद काउंटर असॉल्ट टीम (सीएटी) के हथियारबंद एजेंट मंच पर खड़े दिखाई दिए. इस दौरान वे अपनी लंबी बंदूकें कमरे के पिछले हिस्से की तरफ़ ताने हुए थे.

सीबीएस ने बताया कि कुछ देर बाद सुरक्षा कर्मियों ने एक अन्य मेहमान को तेज़ी से कमरे के सामने की तरफ़ पहुंचाया. इस दौरान वे मेज़ों और खाली कुर्सियों को पार करते हुए आगे बढ़े, जबकि मेहमान फ़र्श पर नीचे थे.

सीएटी टीम ने बैरिकेड गिराया और सुरक्षा घेरे में मौजूद व्यक्ति को तुरंत बाहर ले गई.

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के बाद एक वक्ता ने आकर बताया कि वे जल्द ही एक घोषणा करेंगे और संकेत दिया कि उसके बाद डिनर जारी रहेगा. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट