ताजा खबर

बेकाबू बस पलटी, चालक समेत 3 जख्मी, एक का हाथ कटा
25-Apr-2026 3:35 PM
बेकाबू बस पलटी, चालक समेत 3 जख्मी, एक का हाथ कटा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 25 अप्रैल। शनिवार तडक़े सवारी से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस चालक और 2 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर घायलों में एक यात्री का हाथ काटकर शरीर से अलग हो गया है। हादसा सिटी कोतवाली कोण्डागांव अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 पर घोड़ागांव चिलबहार नाला के पास हुआ है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार तडक़े करीब 4 बजे रायपुर से जगदलपुर होते हुए जयपुर (ओडिशा) जा रही दुबे ट्रेवलर की बस सीजी 04 ईए 4882 सिटी कोतवाली कोण्डागांव अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 पर घोड़ागांव चिलबहार नाला के पास अनियंत्रित होकर पलट गई है।

 

प्रारंभिक आशंका है कि, तडक़े सुबह बस के सामने अचानक कोई जानवर आ जाने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे  बस पलट गई। चालक की गंभीर स्थिति के चलते इस आशंका की पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है।

हादसे में घायल यात्रियों में नवीन, अशद और बस चालक रोशन साहू शामिल हैं। इनमें नवीन का हाथ कटकर अलग हो गया, जिसे दिल्ली निवासी बताया जा रहा है, हालांकि नवीन के पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। तीनों घायलों का जिला अस्पताल कोण्डागांव में उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीयों के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट