ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 25 अप्रैल। सुपेला थाना क्षेत्र स्थित एसटीएफ कॉलोनी में एक महिला ने घर में घुसकर एक आरक्षक की पत्नी और उसके 9 साल के बेटे की चाकू से गोद कर बेरहमी से हत्या कर दी है। इस हमले में आरक्षक की दो बेटियां भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका का नाम रीना यादव है। उनके पति ललितेश यादव स्पेशल टास्क फोर्स में आरक्षक हैं और वर्तमान में बीजापुर में पदस्थ हैं। ललितेश 15 दिनों की छुट्टी पर घर आए हुए थे। आज सुबह करीब 8 बजे जब ललितेश रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन कराने गए थे तभी आरोपी महिला ने घर में घुस कर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।
आरोपी महिला ने सो रहे 9 साल के बच्चे पर चाकू से 14 बार वार किए। हमले के दौरान मां (रीना) ने अपनी बेटियों को बचाने के लिए आरोपी महिला का पैर पकड़ लिया और उन्हें भागने को कहा। एक बेटी किसी तरह घर से बाहर निकल कर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बेटी ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई।
सूचना मिलते ही पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को पकड़ लिया। लोगों ने उसके हाथ से चाकू छीन कर पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी महिला, जिसकी पहचान सरोजनी भारद्वाज (25 वर्ष) के रूप में हुई है, को हिरासत में ले लिया है।
बताया जा रहा है कि सरोजनी मूल रूप से जांजगीर की रहने वाली है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी। वह घटना से एक दिन पहले भी आरक्षक के घर पहुंची थी, लेकिन तब ललितेश यादव ने उसे समझा बुझा कर वापस भेज दिया था।
हत्या का कारण
भिलाई सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने 'छत्तीसगढ़Ó को बताया कि इलाज के दौरान रीना यादव और उनके बेटे की मौत हो गई। शुरुआती जांच में पुलिस इस हत्याकांड के पीछे अवैध संबंधों की आशंका जता रही है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से पूछताछ की जा रही है।




