ताजा खबर

मिशन कर्मयोगी में देश के टॉप-10 संस्थानों में शामिल हुआ एसईसीएल
25-Apr-2026 12:30 PM
मिशन कर्मयोगी में देश के टॉप-10 संस्थानों में शामिल हुआ एसईसीएल

साधना सप्ताह 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हासिल किया केंद्र सरकार से प्रशंसा पत्र, डिजिटल लर्निंग में दिखाई प्रतिबद्धता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 25 अप्रैल।
बिलासपुर स्थित साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, एसईसीएल ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए मिशन कर्मयोगी- साधना सप्ताह 2026 के तहत देश के शीर्ष 10 प्रदर्शन करने वाले संगठनों में जगह बनाई है।  

इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारत सरकार की कैपिसिटी बिल्डिंग कमीशन ने एसईसीएल के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर हरीश दुहन को प्रशंसा पत्र जारी किया है। पत्र में एसईसीएल की सक्रिय भागीदारी, कोर्स पूर्णता में उत्कृष्ट प्रदर्शन और क्षमता निर्माण के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता की सराहना की गई है।

2 से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित साधना सप्ताह के दौरान एसईसीएल ने कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर व्यापक भागीदारी दर्ज कराई। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य सरकारी और सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारियों को एकीकृत डिजिटल प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

एसईसीएल वर्तमान में अपने कर्मचारियों के लिए इस प्लेटफॉर्म पर कई महत्वपूर्ण पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है। इनमें पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषय शामिल हैं। इनके माध्यम से कर्मचारियों को भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार किया जा रहा है।

इस अवसर पर सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि यह सम्मान पूरे एसईसीएल परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इसे कर्मचारियों की सीखने की ललक, समर्पण और उत्कृष्टता की भावना का परिणाम बताया। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन भविष्य में क्षमता निर्माण, डिजिटल लर्निंग और सतत विकास के क्षेत्र में अपने प्रयासों को और मजबूत करेगा।


अन्य पोस्ट