ताजा खबर

घरेलू गैस की अवैध रिफिलिंग व जमाखोरी, 54 सिलेंडर जब्त
25-Apr-2026 11:53 AM
घरेलू गैस की अवैध रिफिलिंग व जमाखोरी, 54 सिलेंडर जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 25 अप्रैल। बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र के सीपत चौक में शुक्रवार सुबह प्रशासन ने अवैध गैस सिलेंडर भंडारण और रिफिलिंग के एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश किया। खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर के मार्गदर्शन में एएफओ अजय मौर्य और विनीता दास की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारकर बड़ी मात्रा में सिलेंडर और उपकरण जब्त किए।

कार्रवाई के दौरान महामाया गैस चूल्हा सुधारक एवं विक्रेता के संचालक लव निमेष जायसवाल के कब्जे से कुल 54 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इनमें 14.2 किलो के 19 घरेलू सिलेंडर (भरे और आंशिक भरे) तथा 5 किलो के 35 घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा मौके से 7 रिफिलिंग नोजल, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और अन्य उपकरण भी बरामद हुए।

जांच में सामने आया कि बिना किसी वैध अनुमति के सिलेंडरों का भंडारण और रिफिलिंग कर उन्हें अवैध रूप से बेचा जा रहा था। यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम लोगों की जान-माल को खतरा पैदा होता है।

टीम ने मौके पर ही सभी जब्त सामग्री को सुरक्षित किया और गुजर रही कोनी इंडेन की डिलीवरी वैन को रोककर सिलेंडरों को संबंधित एजेंसी की अभिरक्षा में सौंप दिया।

इसके अलावा विजय स्टील नामक प्रतिष्ठान, जिसका संचालन शांति अग्रवाल द्वारा किया जाता है, से भी 2 घरेलू गैस सिलेंडर, 3 रिफिलिंग नोजल और एक तराजू जब्त किया गया।


अन्य पोस्ट