ताजा खबर

वाहन चालकों से रिश्वत लेते वीडियो वायरल, आरक्षक निलंबित
25-Apr-2026 11:48 AM
वाहन चालकों से रिश्वत लेते वीडियो वायरल, आरक्षक निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 25 अप्रैल। खोड़री पुलिस चौकी में पदस्थ आरक्षक खोगेश्वर मैत्री को अवैध वसूली के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।  

मिली जानकारी के अनुसार, खोड़री चौकी क्षेत्र में लंबे समय से व्यापारियों और व्यावसायिक वाहनों से पैसे मांगने की शिकायतें सामने आ रही थीं। 20 अप्रैल को ग्रामीणों और वाहन चालकों ने आरक्षक खोगेश्वर मैत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह सड़क से गुजरने वाले वाहनों से जबरन पैसे वसूल रहा है।

इसी दौरान किसी व्यक्ति ने आरक्षक का वीडियो बना लिया, जिसमें वह एक वाहन चालक से पैसे लेते हुए नजर आ रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए गौरेला थाना प्रभारी ने गोपनीय जांच कर अपनी रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी को सौंपी। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि आरक्षक का आचरण ‘सिविल सेवा आचरण नियम’ और ‘पुलिस रेगुलेशन’ का उल्लंघन है।

रिपोर्ट और वायरल वीडियो को आधार मानते हुए एसपी मनोज कुमार खिलारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उसका मुख्यालय पुलिस लाइन, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही निर्धारित किया गया है और उसे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। इस पूरे मामले की जांच के लिए प्रारंभिक विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं


अन्य पोस्ट