ताजा खबर
आम आदमी पार्टी को शुक्रवार, 24 अप्रैल को एक बड़ा झटका लगा है. पार्टी के तीन राज्यसभा सांसदों- राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि वे आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो तिहाई सांसद, संवैधानिक प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए बीजेपी में शामिल होंगे.
राघव चड्ढा ने कहा, “राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के 10 सांसद हैं और दो-तिहाई से ज्यादा सांसद इस मुहिम में हमारे साथ हैं, उन्होंने हस्ताक्षर भी कर दिए हैं और हमने आज सुबह राज्यसभा चैयरमैन को उनके हस्ताक्षर वाला पत्र सौंप दिया है.” राघव चड्ढा ने बताया कि क्रिकेटर और आप सांसद हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल भी बीजेपी में शामिल होंगे.
राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वे पार्टी की गतिविधियों से इसलिए अलग हो गए थे क्योंकि वे उनके “गुनाहों” में शामिल नहीं होना चाहते थे. चड्ढा ने अपने फैसले के पीछे का कारण बताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी अब अपनी “मूल विचारधारा से भटक गई” है और अपने व्यक्तिगत फायदों के लिए काम कर रही है. उन्होंने कहा, “मुझे लग रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही व्यक्ति हूं.” (dw.com/hi)


