ताजा खबर
दीगर राज्यों के 13 मजदूर हिरासत में
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 24 अप्रैल। दुर्ग जिले की पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। नंदिनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत चल रही एक गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री पर पुलिस ने दबिश देकर न केवल फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है, बल्कि भारी मात्रा में पैकिंग मटेरियल, तैयार माल और मशीनरी भी जब्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अवैध फैक्ट्री में 'मुसाफिरÓ ब्रांड का जर्दा युक्त गुटका और एम 4 ब्रांड का सुगंधित जर्दा तैयार कर पैक किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी संख्या में बने हुए गुटखे के पैकेट और कच्चे माल के साथ-साथ अत्याधुनिक पैकिंग मशीनें बरामद की गई हैं।
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में 13 मजदूर काम करते हुए पाए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि ये मजदूर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के रहने वाले हैं। पुलिस इन मजदूरों से पूछताछ कर रही है ताकि फैक्ट्री के असली संचालक और इसके नेटवर्क के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा सके।
अप्रैल से संचालित थी फैक्ट्री
जांच में यह बात सामने आई है कि यह अवैध यूनिट इसी साल अप्रैल की शुरुआत से संचालित की जा रही थी। कम समय में ही यहाँ से बड़े पैमाने पर माल खपाने की तैयारी थी, जिसे दुर्ग पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया।
फूड एंड सेफ्टी विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई
दुर्ग पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फूड एंड सेफ्टी विभाग (खाद्य सुरक्षा विभाग) के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया। विभाग की टीम अब सैंपल लेकर सामग्री की जांच कर रही है और नियमों के उल्लंघन को लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि नंदिनी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित इस फैक्ट्री की सूचना मिलने पर तुरंत टीम गठित कर कार्रवाई की गई। भारी मात्रा में मशीनरी और तैयार माल जब्त किया गया है। हम इस कारोबार के मुख्य सरगना की तलाश कर रहे हैं।




