ताजा खबर
छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 24 अप्रैल । छत्तीसगढ़ माशिमं की फरवरी में हुई 10-12 वीं बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे अगले हफ्ते जारी हो सकते हैं।इन परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा हो गया है। मंडल के उच्च पदस्थ अधिकारी ने बताया कि रिजल्ट 30 अप्रैल या 1 मई को जारी हो सकते हैं। रिजल्ट बनाने टेबूलेशन , अंकसूचियां बनाने का काम अंतिम चरण में है। द्वितीय अवसर परीक्षा प्रणाली को देखते हुए रिजल्ट के साथ मेरिट लिस्ट जारी किए जाने की संभावना कम है। यह सूची द्वितीय अवसर परीक्षा के बाद जारी की जा सकती है।
इस वर्ष 10 की परीक्षा में 3.21 लाख और 12 वीं में 2.46 लाख छात्र छात्राएं शामिल हुईं। ये परीक्षा 20 फरवरी से शुरू हुई थी। 12 वीं हिंदी पेपर लीक होने पर उसे रद्द करते हुए 10 अप्रैल को यह पुनः ली गई।
सीएम साय से मांगा समय
यह नतीजे सीएम विष्णु देव साय के हाथों जारी कराने के प्रयास में है। मंडल की ओर से सीएम से समय मांगा गया है। पिछले वर्ष भी सीएम विष्णु देव साय ने 7 मई को जारी किए थे। इस बार मप्र में सीएम ने जारी किए हैं इसे देखते हुए यहां भी सीएम के हाथों ही घोषित कराने की संभावना है। उससे स्कूल शिक्षा मंत्री ही जारी करते रहे हैं।


