ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मुंगेली, 24 अप्रैल। जिले के लोरमी क्षेत्र में बेटी की शादी के लिए सामान खरीदकर लौट रहे बाइक सवार दंपती की स्कॉर्पियो की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा दाबो स्थित नवोदय विद्यालय के पास देर रात हुआ।
जानकारी के अनुसार, फास्टरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लगरा निवासी इंद्रेश्वर तिवारी (56) और उनकी पत्नी देवेश्वरी (48) गुरुवार रात करीब 10 बजे मोटरसाइकिल से मुंगेली से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे दाबो स्थित नवोदय विद्यालय के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पति-पत्नी उछलकर दूर खेत में जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर खेत में पलट गई, जबकि वाहन में सवार लोग मौके से फरार हो गए।
देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। छतन, भाठा और कोसमतरा मार्गों पर तलाश के बावजूद अंधेरे में कुछ पता नहीं चल सका। सुबह उजाला होते ही फिर खोज शुरू की गई, तब खेत में दोनों के शव और क्षतिग्रस्त बाइक मिली। पास ही पलटी हुई स्कॉर्पियो भी पाई गई।
ग्रामीणों के अनुसार, इंद्रेश्वर तिवारी सरस्वती शिशु मंदिर में आचार्य थे और पंचायत में पंच भी रहे। उनकी बेटी की शादी का कार्यक्रम 24 अप्रैल से शुरू होना था। इसी के लिए वे पत्नी के साथ खरीदारी करने गए थे।


