ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 23 अप्रैल। गर्मी के मौसम में बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए भारतीय रेलवे ने इस बार यात्रियों के लिए व्यापक स्तर पर विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। 15 अप्रैल से 15 जुलाई तक देशभर में 908 ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जो कुल 18,262 ट्रिप में यात्रियों को सुविधा देंगी। इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भी 18 समर स्पेशल ट्रेनों के जरिए 88 ट्रिप संचालित करने की योजना बनाई है।
रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों के चलने से न सिर्फ भीड़भाड़ कम होगी, बल्कि वेटिंग लिस्ट में भी कमी आएगी और यात्रियों को समय पर कन्फर्म टिकट मिलने में मदद मिलेगी। बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, इतवारी, रायगढ़ और शहडोल जैसे प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, पेयजल, प्रतीक्षालय और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
इन रूट्स पर चलेंगी प्रमुख समर स्पेशल ट्रेनें इस प्रकार हैं-
दुर्ग-हरिद्वार के बीच गाड़ी संख्या 08743 हर रविवार 26 अप्रैल से 28 जून तक चलेगी, जबकि वापसी में 08744 हर सोमवार 27 अप्रैल से 29 जून तक संचालित होगी।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)-शालीमार के बीच 08865 हर गुरुवार 23 अप्रैल से 25 जून तक और 08866 हर शुक्रवार 24 अप्रैल से 26 जून तक चलेगी।
गोंदिया-रक्सौल के बीच 08867 हर शनिवार 25 अप्रैल से 27 जून तक तथा 08868 हर रविवार 26 अप्रैल से 28 जून तक चलाई जाएगी।
इसके अलावा कुछ विशेष तिथियों पर भी ट्रेनें चलाई जाएंगी- 08871 इतवारी-मालदा (26 अप्रैल) और 08872 मालदा-इतवारी (27 अप्रैल), 08745 दुर्ग-शालीमार (29 अप्रैल) और 08746 शालीमार-दुर्ग (23 व 30 अप्रैल), 08261 कोरबा-यलहंका (2 मई) और 08262 यलहंका-कोरबा (3 मई), 08861 इतवारी-शालीमार (27 अप्रैल) और 08862 शालीमार-इतवारी (28 अप्रैल), 08749 रायपुर-खड़गपुर (23 अप्रैल) और 08750 खड़गपुर-रायपुर (24 अप्रैल), 08257 बिलासपुर-शालीमार (25 व 26 अप्रैल) और 08258 शालीमार-बिलासपुर (25 व 26 अप्रैल)।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन ट्रेनों से लंबी दूरी की यात्रा आसान होगी और गर्मियों में होने वाली भीड़ को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा। खासतौर पर छुट्टियों में घर जाने वाले यात्रियों और पर्यटकों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।


