ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 23 अप्रैल। जिले के बालको नगर थाना क्षेत्र के बुंदेली गांव में बुधवार को एक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। पारिवारिक विवाद और चरित्र संदेह से नाराज एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी और उसके बाद उसका कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सालिक राम यादव (58) ने दोपहर करीब एक बजे अपनी पत्नी चेचबाई (50) की गला काटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से आपसी शक को लेकर विवाद चल रहा था। घटना के दिन भी दोनों ने साथ बैठकर शराब पी, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पोल्ट्री फार्म में रखे मांस काटने वाले हथियार से पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने सिर और हथियार को एक बोरी में रखा और मोटरसाइकिल से गांव में घूमता रहा। रास्ते में मिलने वाले लोगों को वह खुद ही हत्या की बात बताता और कई जगह बोरी खोलकर सिर दिखाता रहा। इस भयावह दृश्य को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। यहां तक कि मीडिया कर्मियों के सामने भी उसने बेखौफ होकर कहा- हां, मैंने ही हत्या की है, मेरा वीडियो बना लो।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को दी, लेकिन पुलिस करीब चार घंटे बाद मौके पर पहुंची। इस देरी को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी गई। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर लिया।
परिवार के अनुसार, 14 वर्षीय बेटे ने अपनी मां को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे भी मारने के इरादे से दौड़ा लिया। किसी तरह वह अपनी जान बचाने में सफल रहा। आरोपी के चार छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और आपसी शक हत्या की मुख्य वजह सामने आई है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।


