ताजा खबर
युवक की मौत, युवती जिंदगी के लिए जूझ रही
ब्रेकअप के बाद साथ आए थे, पार्टी के दौरान हुआ विवाद-खुदकुशी या हादसा, जांच जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 23 अप्रैल। बिलासपुर के तिफरा स्थित अभिलाषा कॉम्प्लेक्स में बुधवार तड़के तीन मंजिला इमारत की छत से गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी प्रेमिका गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
मृतक की पहचान चिरंजीवी पांडे (23) उर्फ चिंटू के रूप में हुई है, जो यदुनंदन नगर में रहता था और एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। युवती गरिमाश्री उर्फ महिमा, मुंगेली की निवासी है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच चार साल से प्रेम संबंध था और हाल ही में ब्रेकअप के बाद वे फिर से साथ आए थे। इसी खुशी में दोनों अभिलाषा कॉम्प्लेक्स की छत पर पार्टी कर रहे थे। मौके से शराब की बोतलें, दो ग्लास, पानी की बोतलें और कपड़े बरामद हुए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशे की हालत में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान पहले युवक छत से गिरा, फिर युवती उसके ऊपर आ गिरी।
छत पर युवक के कपड़े और युवती के अंत:वस्त्र बिखरे मिले हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि मृतक युवक युवती के अंत:वस्त्र पहने हुआ था। इन तथ्यों ने मामले को और अधिक संदिग्ध बना दिया है।
सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केवट के अनुसार, फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और युवती के बयान के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी। यह भी आशंका जताई जा रही है कि विवाद के बाद दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया हो, या फिर धक्का-मुक्की में संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।
जांच में यह भी सामने आया है कि युवक अपने दोस्तों के साथ पार्टी की तैयारी कर रहा था और चिकन लेकर आया था। इसी दौरान युवती के फोन पर वह अभिलाषा कॉम्प्लेक्स पहुंचा।
पुलिस ने मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया है और उन दोस्तों की तलाश कर रही है, जिन्हें इस पार्टी की जानकारी थी। साथ ही, आसपास के लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रात में किसी तरह की आवाज या झगड़े की सूचना मिली थी या नहीं। फिलहाल, सिम्स में भर्ती युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। उसकी हालत में सुधार होने पर बयान लेकर घटना के बारे में पुलिस जानकारी जुटाएगी।


